बलिया: जिले के कोटेदारों को खाद्य एवं रसद विभाग की कार्यशैली एक बार फिर भारी पड़ रही है। जून महीने के लिए कोटेदारों से चीनी वितरण हेतु चालान जमा करा लिया गया, लेकिन अब तक उन्हें चीनी की आपूर्ति नहीं की गई है। इससे क्षेत्र के कोटेदारों में नाराजगी का माहौल है। कोटेदार संघ बलिया के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने बताया कि यह केवल जून महीने की बात नहीं है। पिछले चार महीनों से कोटेदारों को उनके कमीशन का भुगतान भी नहीं किया गया है। पहले ही बढ़ती महंगाई और प्रशासनिक दबाव के बीच कोटेदारों का कार्य करना मुश्किल हो गया है, वहीं विभाग की इस लापरवाही ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। हमसे समय पर चालान जमा कराया गया, लेकिन जब वितरण की बारी आई, तो विभाग ने अपने ही वादे से मुंह मोड़ लिया। यह सीधे-सीधे धोखा है, सिंह ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कोटेदार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चीनी की आपूर्ति नहीं की गई और बकाया कमीशन का भुगतान नहीं हुआ, तो जिलेभर के कोटेदार सामूहिक विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
जवाबदेही तय होनी चाहिए:
कोटेदारों का कहना है कि जनता तक समय पर राशन व चीनी पहुंचाने की जिम्मेदारी उनकी है, लेकिन जब विभाग ही समय पर आपूर्ति नहीं करता, तो पूरे सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल उठना लाजमी है। अब देखना यह है कि विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और कोटेदारों की मांगों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।