बलिया। दिनांक 28 मई — दोकटी थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। बीएसटी बंधे से उतरते समय मिट्टी लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार चालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोकटी गांव निवासी राधेश्याम यादव (उम्र 26 वर्ष), पुत्र छट्ठू यादव, अपने ट्रैक्टर ट्रॉली में दियारा क्षेत्र से मिट्टी लादकर गांव लौट रहा था। वाजिदपुर गांव की ओर बीएसटी बंधे से नीचे उतरते समय सामने से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में राधेश्याम ट्रैक्टर के नीचे दब गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल चालक को सोनबरसा हॉस्पिटल भेजवाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी बैरिया फहीम कुरैशी भी सोनबरसा हॉस्पिटल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद सूचना मिलने पर दोकटी थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस हृदयविदारक हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।