राष्ट्रीय प्रसार, संवाददाता
चहनियां। गंगा के जलस्तर में हो रहे लगातार बढ़ोत्तरी से अब बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने लगी है। बाढ़ के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिये शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बाढ़ के संभावित क्षेत्र में दौड़ा करके लोगों से सुरक्षित स्थलों बाढ़ चौकियों पर चले जाने की अपील और मातहतों को बाढ़ चौकियों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश और कई बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण बीते तीन दिनों से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए चेतावनी विन्दु को पार कर लिया है। चहनियां ब्लॉक के मुकुंदपुर, बोझवा, पुरवा, शेरपुर सरैया, मुस्तफाबाद, बोलनचक, चकरा, पूरा विजयी, पूरा गणेश में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। वहीं तीरगाँवा हसनपुर में गंगा कटान का डर बढ़ गया है। जिसके मद्देनज़र जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बाढ़ संभावित क्षेत्रो का दौड़ा करके आपात स्थिति से निपटने के तौर तरीकों पर मातहतों से चर्चा किया। वहीं मारूफपुर में स्थापित मॉडल बाढ़ चौकी पर पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम कुंदन राज कपूर से बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने और बाढ़ प्रभावित बिस्थापित लोगों के रहने, भोजन, दवा, चारा आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश दिया। कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल राहत देना नही है बल्कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को समय समय पर सहायता पहुचाना है ।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रुप से सीएमओ वाई के राय, सीवीओ, एडीओ पंचायत राजेश सिंह, नायब तहसीलदार दिनेश शुक्ला, आरआई बृजेश मिश्रा, एसएचओ सलिल स्वरूप, चौकी प्रभारी अमित सिंह, एएनएम दीपा पाण्डेय, अनुराधा सिंह, लेखपाल चन्दन यादव, दीपराज पंकज, गोविन्द यादव, ग्राम पंचायत अधिकारी अतुल यादव, आनन्द यादव आदि उपस्थित रहे।