राजन प्रजापति, राष्ट्रीय प्रसार
रायबरेली। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत टिटेनस एवं व्यस्क डिप्थीरिया (टीडी) टीकाकरण अभियान, 10 से 28 अगस्त तक सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान चलेगा इसके साथ ही 11 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन होगा। इन सभी कार्यक्रमों को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूनिसेफ के प्रतिनिधियों ने जिला अल्पसंख्यक अधिकारी महिमा और मुस्लिम धार्मिक गुरुओं के साथ बैठक की। प्रतिनिधियों ने बैठक में उपस्थित लोगों को कार्यक्रम के बारे में अवगत कराया कि टीडी टीकाकरण अभियान एक से 31 अगस्त तक चलेगा जिसके तहत 10 से 16 साल तक की आयु के बच्चों को टिटेनस एवं डिप्थीरिया से बचाव का टीका लगाया जायेगा। फ़ाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद के आठ ब्लाक- बछरावां, बेला-भेला, डीह, हरचंदपुर, जटुआटप्पा, खीरों, महाराजगंज और सलोन में 10 से 28 अगस्त तक सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान चलेगा जिसके तहत आशा कार्यकर्ता कार्यकर्ता घर-घर जाकर फ़ाइलेरियारोधी दवाएं (आइवरमेक्टिन, डाईइथाइल कार्बामजीनऔर एल्बेंडाजोल) खिलाएंगी। इसके अलावा 11 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन होगा जिसके तहत जनपद के शहरी क्षेत्र सहित कुल 10 ब्लाक- अमावाँ, डलमऊ, दीनशाहगौरा, जगतपुर, लालगंज, छतोह, रोहनियां, सरेनी, शिवगढ़, ऊंचाहार ब्लाक में एक से 19 साल की आयु के लोगों को पेट से कीड़े निकालने की दवा एल्बेन्डाजोल खिलाई जाएगी।