महिला ने तीन बच्चों को दिया जन्म, तीनों स्वस्थ
रूपक दुबे राष्ट्रीय प्रसार
मिर्जापुर। जिले के केवला देवी हॉस्पिटल चील्ह में एक अनोखा मामला सामने आया है। रेशमा देवी पत्नी राम प्रकाश माझी ने तीन बच्चियों को जन्म दिया है। खुशी की बात यह है कि तीनों बच्चियां पूरी तरह स्वस्थ हैं और प्रत्येक का वजन 2 किलो से अधिक है। रेशमा देवी ग्राम पंचायत लहरौल, तहसील लालगंज की रहने वाली हैं। उनके ससुर नारायण दत्त और सासु धर्म देवी ने बताया कि वे पहले पीएचसी लालगंज गए थे। वहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद वे केवला देवी हॉस्पिटल चील्ह पहुंचे। अस्पताल में डॉ. अनिल कुमार बिंद की देखरेख में ऑपरेशन किया गया। डॉक्टर ने बताया कि यह एक जटिल मामला था। उनकी टीम ने विशेष सावधानी बरतते हुए ऑपरेशन के माध्यम से तीनों बच्चियों को जन्म दिलाया। डॉ. बिंद ने आगे बताया कि मां और तीनों बच्चियां अभी उनकी निगरानी में हैं। सभी की स्थिति स्थिर है। एक सप्ताह बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। केवला देवी हॉस्पिटल की इस सफलता की स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।